बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,9 अप्रैल। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत परसागुडी के दादरनाला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लगभग 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डेम किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इस चेक डेम के निर्माण से आसपास के लगभग 65 किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे खेती-किसानी में काफी सहूलियत मिल रही है। साथ ही यह जल संरक्षण और जल संवर्धन की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चेक डेम में संचित पानी का उपयोग किसान गर्मी के मौसम में भी फसलों की सिंचाई के लिए कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण इस पानी का उपयोग पशुओं को पिलाने और घरेलू जरूरतों के लिए भी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि पानी की उपलब्धता बढऩे से अब वे अतिरिक्त फसल लेने की तैयारी कर रहे हैं और खेती का रकबा भी बढ़ा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 20 से 25 वर्ष पहले भी यहां एक चेक डेम बनाया गया था, जो जर्जर होकर करीब पांच वर्ष पहले टूट गया था। मरम्मत के अभाव में किसानों को लंबे समय तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ा और खेती प्रभावित हुई। इस वर्ष नए चेक डेम के निर्माण से स्थिति में सुधार हुआ है और किसानों को दोबारा लाभ मिलने लगा है।
किसानों ने मांग की है कि चेक डेम का गहरीकरण कराया जाए, ताकि अधिक मात्रा में पानी संग्रहित किया जा सके और वर्ष भर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही दादरनाला क्षेत्र में पानी तक पहुंचने के लिए सीढिय़ों के निर्माण की भी मांग की गई है, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।
सरपंच सविता कौशिक ने बताया कि चेक डेम बनने से किसानों के साथ पूरे गांव को लाभ मिल रहा है। जल संरक्षण की दृष्टि से यह कार्य अत्यंत उपयोगी है और ग्रामीणों को स्थायी समाधान मिला है।
ग्रामीण श्रीराम सिंह पोर्ते ने बताया कि यह स्थान पानी संग्रहण के लिए उपयुक्त है, जहां पर्याप्त मात्रा में पानी रुक रहा है। इससे लगभग 65 किसानों को लाभ मिल रहा है और आने वाले समय में विभिन्न प्रकार की खेती की जाएगी। वहीं महिला ग्रामीण फूल कुमारी टोप्पो ने कहा कि चेक डेम बनने से गांव में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हुई है और किसानों के लिए यह संरचना किसी वरदान से कम नहीं है।


