बलरामपुर

हल्की आंधी में गिरी निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की रेलिंग
05-Apr-2026 8:21 PM
हल्की आंधी में गिरी निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की रेलिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 5 अप्रैल। बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लडुवा नवापारा में निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में आंधी के दौरान भवन की रेलिंग अचानक भरभराकर गिर गई।

घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है। उस समय मौके पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने और निर्माण कार्य की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, लडुवा नवापारा में लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। परियोजना का शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से किया गया था। निर्माण कार्य केंद्र सरकार की एजेंसी द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसकी निगरानी राज्य स्तर से की जा रही है।

निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। विभाग द्वारा ठेकेदार को अतिरिक्त समय दिए जाने की जानकारी मिली है।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।

इस संबंध में सहायक आयुक्त बलरामपुर समीक्षा जायसवाल ने बताया कि यह कार्य सेंट्रल एजेंसी द्वारा किया जा रहा है, जिसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर से होती है। मामले की जानकारी उच्च स्तर पर भेज दी गई है और शीघ्र ही जांच कराई जाएगी।

मैं इसकी जांच करवाता हूं-कलेक्टर

उक्त मामले को लेकर बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि भारत सरकार की एजेंसी के द्वारा कार्य कराया जा रहा है, अगर निर्माण कार्य में मानकों का ख्याल नहीं रखा जा रहा है तो मैं इसकी जांच करवाता हूं।


अन्य पोस्ट