बलरामपुर
समय रहते भागने से युवक की बची जान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 8 मार्च। जिले के ग्राम लोधा में एक युवक को जंगली हाथी की फोटो खींचना महंगा पड़ गया। हाथी के अचानक भडक़ने पर युवक को अपनी बाइक छोडक़र जान बचाकर भागना पड़ा। इस दौरान गुस्साए हाथी ने बाइक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव का एक युवक किसी व्यक्ति को छोडऩे के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे एक जंगली हाथी दिखाई दिया। हाथी को देखकर युवक ने अपनी बाइक रोक दी और उसका फोटो लेने लगा।
फोटो खींचते समय हाथी अचानक आक्रामक हो गया और युवक की ओर दौडऩे लगा। स्थिति को भांपते हुए युवक ने तुरंत बाइक वहीं छोड़ दी और अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया। इसके बाद हाथी ने गुस्से में बाइक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे बाइक को नुकसान पहुंचा। हालांकि समय रहते युवक के वहां से भाग जाने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र होने के कारण यहां अक्सर हाथियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में लोगों को जंगली जानवरों के पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचना चाहिए। वन विभाग के डिप्टी रेंजर साधु शरण दुबे ने लोगों से अपील की है कि जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की छेड़छाड़ या फोटो खींचने जैसी हरकत न करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।


