बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 21 फरवरी। वन परिक्षेत्र अंतर्गत गेउर हरितिमा परिसर में वन परिक्षेत्र स्तरीय तेंदूपत्ता शाखकर्तन एवं संग्रहण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य तेंदूपत्ता संग्राहकों को वैज्ञानिक पद्धति से शाखकर्तन, उचित संग्रहण, गुणवत्ता संरक्षण तथा वन संरक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक, फड़ अभिरक्षक, फड़ मुंशी सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में लघु वनोपज के उप प्रबंध संचालक संतोष पांडेय ने तेंदूपत्ता संग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फड़ों का चयन एवं शाखकर्तन, पत्ता तोड़ाई, गड्डी बंधाई, संग्रहण केंद्र पर खरीदी, पत्तों का उपचार, सिंचाई, बोरा भराई व सिलाई, परिवहन एवं गोदामीकरण तक की प्रक्रियाओं को क्रमबद्ध तरीके से समझाया। इसके साथ ही फड़ मुंशी की नियुक्ति, उनके दायित्व, संधारित किए जाने वाले अभिलेख, फड़ अभिरक्षक तथा प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक एवं पोषक अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संचालित बीमा योजना, सामूहिक सुरक्षा योजना एवं शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर संग्राहक आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने पत्तों की सही कटाई, निर्धारित मानकों के अनुरूप बंडल तैयार करने की प्रक्रिया तथा संग्रहित पत्तों को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। वैज्ञानिक तरीके से शाखकर्तन करने पर वृक्षों को क्षति नहीं होती और अगले वर्ष भी उत्तम गुणवत्ता के पत्ते प्राप्त होते हैं। पत्तों की नमी, आकार और रंग बनाए रखने के लिए समय पर भंडारण और उचित देखरेख पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन संरक्षण को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। वनों में आगजनी से बचाव, अवैध कटाई पर रोक और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर चर्चा की गई। उपवनमंडलाधिकारी रविशंकर श्रीवास्तव ने कहा कि वनों को आग से बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और संग्रहण कार्य शासन के निर्देशों के अनुसार अनुशासित ढंग से किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य हेतु फड़ अभिरक्षक रंजिता मिंज, सुनीता कुजूर, राजेश खलखो, लीलावती जायसवाल तथा फड़ मुंशी फुलसुंदरी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी महाजन लाल साहू, अशोक शुक्ला, अमित प्रताप सिंह, सुशील सिंह, मालती माझी, जिला अध्यक्ष लघु वनोपज सहकारी संघ लालसाय मिंज, समिति प्रबंधक सुरेश सोनी, नरसिंहपुर सरपंच शंभू राम, उपसरपंच सतीश सिंह, सुनील भगत सहित वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, वन धन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


