बलरामपुर

धूमधाम से निकली शिव बारात, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा रामानुजगंज
16-Feb-2026 9:47 PM
धूमधाम से निकली शिव बारात, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा रामानुजगंज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 16 फरवरी। महाशिवरात्रि के अवसर पर रामानुजगंज नगर में आस्था, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में निकली भव्य शिव बारात ने पूरे नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। कन्हर नदी तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान भोलेनाथ की बारात जैसे ही नगर भ्रमण पर निकली, हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

 शिव तांडव की मनमोहक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

बारात का मुख्य आकर्षण बनारस से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सजीव शिव तांडव रहा। आकर्षक वेशभूषा, भव्य श्रृंगार और दमदार अभिनय ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच आगे बढ़ती शिव बारात का दृश्य मानो साक्षात देव लोक का आभास करा रहा था।

नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शीतल जल, फल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी, जिससे सेवा और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला।

 वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पाणिग्रहण संस्कार संपन्न

नगर भ्रमण के उपरांत शिव बारात मां महामाया मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान शिव एवं माता पार्वती के पाणिग्रहण संस्कार और वरमाला कार्यक्रम का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिविधान से किया गया। इस दिव्य क्षण को देखने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु देर शाम तक उपस्थित रहे।

इसके पश्चात मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

 महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य भजन संध्या में स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों ने शिव भजनों की मधुर प्रस्तुतियां देकर वातावरण को पूर्णत: भक्तिमय बना दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।

महोत्सव समिति के प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि नगरवासियों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। उन्होंने सभी सहयोग कर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिव बारात में विशेष रूप से सुभाष जैसवाल, गोपाल गुप्ता, सुधांशू महाराज,  अशोक जैसवाल, शैलेष गुप्ता, अजय केशरी, महेश अग्रवाल, विपिन पाठक, उदय गुप्ता, नवल अग्रवाल, बालकेश प्रजापति सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विविध आयोजन को सफल बनाने में  प्राचीन शिव मंदिर के पुजारी  श्याम कुशल पांडे, विनय पांडे, महामाया मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडे, अर्जुन दास, एसपी निगम, मुकेश जायसवाल, सुरेश पुरी, अनूप कश्यप, सुमित गुप्ता, प्रमोद कश्यप, विकास अग्रवाल, विजय रावत, विकास दुबे, सुनील पासवान मनी, अंकित गुप्ता, पवन गुप्ता, अविनाश कश्यप, विपुल सिंह, अमित गुप्ता, संतोष केसरी, संजय गुप्ता, विशाल मिश्रा, आनंद जायसवाल, राजकिशोर पाल, पीयूष गुप्ता, ललन पासवान, रामध्यान गुप्ता, बहादुर सिंह, अशोक कश्यप, राकेश सोनी, रिंकू गुप्ता, पंकज गुप्ता, आशीष गुप्ता, कृष्णा पासवान, सुजीत मालाकार, निशांत गुप्ता अजय प्रजापति, जगन्नाथ गुप्ता, छ_ू गुप्ता, अर्पित तिवारी सहित गणमान्य नागरिकों एवं शिवभक्तों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महाशिवरात्रि का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर गया।


अन्य पोस्ट