बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,17 फरवरी। नगर में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात बुढ़ाबगीचा क्षेत्र से अज्ञात चोरों ने एक ईको वाहन चोरी कर लिया। इससे पहले भी चोरों द्वारा एक पिकअप चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वाहन में डीजल नहीं होने के कारण चोर उसे मुख्य मार्ग पर छोडक़र फरार हो गए थे।
घटना कुसमी मार्ग स्थित बूढ़ाबगीचा की है, जहां बर्तन व्यवसायी श्रावण सोनी के घर के सामने खड़ी ईको वाहन क्रमांक सीजी 10 एफए 7263 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। व्यवसायी श्रवण सोनी ने बताया कि वह रोज की तरह रात में बर्तन से लोड वाहन को घर के सामने खड़ा कर दिया था, जिसे चोर बर्तन सहित लेकर फरार हो गए।
घटना का वीडियो फुटेज लडुआ ग्राम में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसमें चोर वाहन को कुसमी की ओर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना रात करीब 12.25 बजे की बताई जा रही है।
इससे पहले भी बुढ़ाबगीचा निवासी कांता सोनी के पिकअप को चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वाहन में डीजल कम होने के कारण चोर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के लोधी नाला के पास वाहन छोडक़र फरार हो गए थे।
फिलहाल, राजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।


