बलरामपुर

हत्या के आरोप में एसडीएम सहित तीन गिरफ्तार
16-Feb-2026 9:50 PM
हत्या के आरोप में एसडीएम सहित तीन गिरफ्तार

मृतक के परिजनों को एक लाख की मुआवजा राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 राजपुर/कुसमी, 16 फरवरी। बलरामपुर जिले के  कुसमी थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने एसडीएम करुण कुमार डहरिया सहित तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोप है कि अवैध उत्खनन की कार्रवाई के नाम पर पहुंचे अधिकारी और टीम ने निर्दोष ग्रामीणों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है।

 घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के आला अधिकारी कुसमी पहुँचकर पूरे मामले की जाँच में जुट गई है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत हंसपुर में कथित अवैध बॉक्साइट उत्खनन की सूचना पर एसडीएम करुण कुमार डहरिया अपनी टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे थे। बताया गया है कि ग्रामीणों द्वारा एक ट्रक को रोकने के बाद प्रशासनिक दल वहां पहुंचा था।

इसी दौरान हंसपुर निवासी  रामनरेश राम,  अजीत और आकाश के साथ मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि मारपीट में रामनरेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है।

   इस मामले में पुलिस ने एसडीएम करुण कुमार डहरिया सहित अन्य तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। इस मामले में किसी अप्रिय घटना को देखते हुए जिले भर की पुलिस फोर्स को कुसमी में तैनात कर दी गई है और क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और एसडीएम सहित अन्य तीन लोगों को राजपुर थाना में रखा गया है।

ग्रामीणों सहित समाज के लोग बैठे धरने पर    

   कुसमी के हँसपुर में हुई घटना के बाद कुसमी में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय ग्रामीणों सहित समाज के लोग भारी संख्या में जुट गए और देखते ही देखते लोग धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों की माँग है कि एसडीएम सहित सभी लोगो पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए। काफी हंगामे के बाद प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये मुआवजा तत्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है।

 मामला दर्ज, आरोपियों को रिमांड

 इस मामले में करौंधा थाना में शासन की ओर से निरीक्षक अमर सिंह कोमरे की तरफ से चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है, जिसमें एसडीएम करुण डहरिया सहित विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ धारा 103(1),115(2) एवँ 3(एस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट