बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 13 फरवरी। नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर चल रहे नाली निर्माण की ऊंचाई को लेकर नगरवासियों का विरोध लगातार जारी है। इसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से थाना परिसर में राजपुर अनुविभागीय अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ, ठेकेदार प्रतिनिधि एवं थाना प्रभारी की मौजूदगी में नागरिकों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगरवासियों ने नाली निर्माण की ऊंचाई पर कड़ा विरोध जताते हुए मांग की कि नाली को कम से कम दो फीट नीचे किया जाए। नागरिकों का कहना था कि ऊंची नाली बनने से न केवल उनके व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि घरों से निकलना और वाहनों की पार्किंग भी कठिन हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन से नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देने की मांग की।
लंबे वाद-विवाद के बाद अंतत: यह निर्णय लिया गया कि वर्तमान सडक़ स्तर पर ही नाली का निर्माण कराया जाएगा, ताकि सडक़ की ऊंचाई न बढ़े और नाली की ऊंचाई भी कम रहे। इससे आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बैठक के बाद यह भी तय किया गया कि नाली की ऊंचाई कम करने के संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह की अगुवाई में नगरवासियों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन पत्र कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजपुर को सौंपा जाएगा।
इस बैठक में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, पार्षद राजन त्रिपाठी, विश्वास गुप्ता, पूर्व पार्षद पुरनचंद जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, सुरेश सोनी, डॉ. बी.एन. द्विवेदी, मनोज अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, पंकज गुप्ता, शुभम सोनी, बंटी अम्बष्ट, मानू चौबे, विक्की बंसल, ऋषभ सिंह सहित भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


