बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 28 दिसंबर। चिनियाँ खेल मैदान में आयोजित सूर्य प्रकाश मेमोरियल जनपद स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। फाइनल मैच पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा रामविचार नेताम की गरिमामयी उपस्थिति में चिनियाँ एवं तेतरडीह टीम के बीच हुआ, जिसमें चिनियाँ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तेतरडीह को 3-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। तेतरडीह की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता अनूप तिवारी, कन्हैयालाल अग्रवाल, भानु प्रकाश दीक्षित, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष बलवंत सिंह, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष तारावती सिंह, जिला पंचायत सभापति मुंशी राम सांडिल्य, बद्री यादव, जनपद अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जनपद सदस्य राजकुमार यादव, अशरफी यादव, विधायक प्रतिनिधि अनोज यादव, वरिष्ठ भाजपा युवा मोर्चा के नेता पवन कश्यप लड्डू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम द्वारा अपने दिवंगत पुत्र सूर्य प्रकाश नेताम की स्मृति में प्रतिवर्ष क्षेत्र में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष सूर्य प्रकाश मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का आयोजन जनपद स्तर पर किया गया।
फाइनल मैच में चिनियाँ की टीम ने घरेलू मैदान का भरपूर लाभ उठाते हुए तेतरडीह टीम को 3-1 से हराकर विजय प्राप्त की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुष्पा रामविचार नेताम ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि नेताम परिवार सदैव क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगा। खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक, सामाजिक विकास एवं सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम जिला, प्रदेश एवं देश स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया। इस टूर्नामेंट में जनपद भर से कुल 44 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए धमनी, आरागाही, आबादी एवं चिनियाँ चार खेल मैदानों का चयन किया गया था, जबकि समापन चिनियाँ खेल मैदान में हुआ।
टूर्नामेंट में विजेता टीम चिनियाँ को 41,000 रुपए नगद पुरस्कार तथा उपविजेता टीम तेतरडीह को ?25,000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 44 टीमों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में ड्रेस किट वितरित की गई। आयोजन समिति में अध्यक्ष अमावस सिंह, सुनील सिंह, रामविचार सिंह, वीरेंद्र सिंह मरकाम, मंगल सिंह एवं राम प्रवेश सिंह सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


