बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 28 दिसंबर। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बलरामपुर नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत राम जी (मनरेगा), पेंशन योजना एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर ग्राम पंचायत भेंडरी, नवकी, पकराड़ी, कुंदीकला, शिवपुर, बदौली, बधिमा, महंगई, उफिया, तोनी, कोदौरा, घोरघड़ी, रेवतपुर, खोखनियां, लाउ एवं खोडरो के सचिवों को कारण-बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं मनरेगा योजना में प्रगति कम रहने पर शिवपुर, महंगई, सेमराकठरा, नरसिंहपुर, कोदौरा, पकराड़ी, बादा, भेंडरी, उफिया और ठरकी के रोजगार सहायकों को नोटिस थमाया गया।
मनरेगा के तकनीकी सहायक विनीत जायसवाल को भी लापरवाही बरतने पर कारण-बताओ नोटिस जारी करते हुए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जनपद पंचायत संजय दुबे, जिला समन्वयक दिवाकर गुप्ता, कम्प्यूटर प्रोग्रामर अनिल गुप्ता सहित जनपद एवं ग्राम पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


