बलरामपुर
400 बोरी धान व डेढ़ लाख जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सनावल, 28 दिसंबर। बलरामपुर रामानुजगंज जिले की थाना सनावल पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध धान परिवहन एवं संग्रहण के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध धान, नकदी व कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर की शाम करीब 8 बजे राजस्व व पुलिस टीम ने अवैध धान परिवहन करते हुए एक पीकअप वाहन को दौड़ाकर पकड़ा। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि धान कुर्लुडीह निवासी श्याम सुन्दर गुप्ता के घर में खाली किया जा रहा था। सूचना के आधार पर जब पुलिस ने श्याम सुन्दर गुप्ता के घर दबिश दी, तो वहां अवैध धान का बड़ा जखीरा व धोखाधड़ी से जुड़े दस्तावेज मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 400 बोरी अवैध धान, 1,67,100 नगद, 62 चेकबुक, 161 पासबुक, सैकड़ों निकासी फॉर्म, तौल पर्ची, किसान किताबें, बैंक रजिस्टर, डायरी व अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी श्याम सुन्दर गुप्ता किसानों के खातों का दुरुपयोग कर दूसरे राज्यों से सस्ते दामों में धान मंगवाकर छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केंद्रों में बेचता था। किसानों से पहले ही अंगूठा निशान लेकर निकासी कर राशि हड़प ली जाती थी। आरोपी का भाई शिवम कुमार गुप्ता इस पूरे अवैध कारोबार में सहयोग करता था। मामले में थाना सनावल में अपराध धारा 3,7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से शासन को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।


