बलौदा बाजार

कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा 16 व 17 मार्च से
13-Feb-2026 3:48 PM
कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा 16 व 17 मार्च से

निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 फरवरी।*कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाएं इस वर्ष भी केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत आयोजित की जाएगी। शिक्षा विभाग के अनुसार सरकारी, अनुदान प्राप्त तथा छत्तीसगढ़ बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों में समान समय-सारणी और विभागीय निगरानी में परीक्षाएं होंगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से तथा कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी।

 जिले में लगभग 18,500 विद्यार्थी कक्षा 5वीं और करीब 19,000 विद्यार्थी कक्षा 8वीं की परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाएं 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के बाद आयोजित की जाएंगी।

शिक्षा विभाग ने बताया कि पिछले वर्ष से सरकारी और निजी विद्यालयों में एक साथ केंद्रीकृत परीक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इससे पहले निजी विद्यालय अपने स्तर पर परीक्षा आयोजित करते थे। विभाग के अनुसार समान व्यवस्था का उद्देश्य एकरूपता और मूल्यांकन प्रक्रिया में समन्वय सुनिश्चित करना है।

नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे

नई व्यवस्था के तहत निजी विद्यालयों में भी परीक्षा संचालन के लिए शिक्षा विभाग द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र, पर्यवेक्षण और अन्य व्यवस्थाएं विभागीय निगरानी में होंगी।

प्तप्तप्त अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश

विभाग ने स्कूलों को परीक्षा संबंधी तैयारी के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार यदि कोई विद्यार्थी अनुत्तीर्ण होता है तो भी उसे अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों के शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

 प्रश्न पत्र जिला स्तर पर तैयार

कक्षा 5वीं और 8वीं के प्रश्न पत्र जिला स्तर पर विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक विषय के तीन सेट बनाए जाएंगे।

समय-सारणी इस प्रकार है-कक्षा पांचवी गणित- 16 मार्च, अंग्रेजी- 19 मार्च, हिंदी- 23 मार्च, पर्यावरण- 25 मार्च। कक्षा आठवीं गणित- 17 मार्च, हिंदी 20 मार्च, अंग्रेजी- 20 मार्च, सामाजिक विज्ञान- 30 मार्च, विज्ञान- 1 अप्रैल, संस्कृत/उर्दू-6 अप्रैल।

 उड़ान दस्तक टीम करेगी निरीक्षण

नकल रोकने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में ‘उड़ान दस्तक’ टीम गठित की जाएगी। प्रत्येक टीम कम से कम तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगी।

 परीक्षा शुल्क निर्धारित

कक्षा 5वीं के लिए 55 रुपये और कक्षा 8वीं के लिए 60 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।

 सरकारी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों की फीस शासन द्वारा वहन की जाएगी, जबकि निजी विद्यालय अपने विद्यार्थियों का शुल्क जमा करेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे ने बताया कि केंद्रीकृत व्यवस्था इस वर्ष भी जारी रहेगी और सभी विद्यालयों को निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।


अन्य पोस्ट