बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 फरवरी। बलौदाबाजार जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों को लेकर खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर शनिवार की रात सोनाखान तहसील अंतर्गत ग्राम भानपुर में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए छह ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राजस्व विभाग की टीम गश्त के दौरान ग्राम भानपुर क्षेत्र में पहुंची, जहां छह ट्रैक्टर रेत का परिवहन करते पाए गए। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी छह ट्रैक्टर जब्त किए गए और उन्हें थाना राजादेवरी के सुपुर्द किया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया थाना स्तर पर की जा रही है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के रेत घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है। अवैध उत्खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए नियमित जांच के साथ-साथ आकस्मिक कार्रवाई भी की जा रही है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार अवैध रेत कारोबार पर नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। इस टास्क फोर्स में पुलिस, राजस्व विभाग और खनिज विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी और जांच कर रहे हैं।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन से शासन को राजस्व हानि होती है। इसके साथ ही अनियंत्रित उत्खनन से पर्यावरण और नदी-घाटों पर भी प्रभाव पड़ता है।
इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले, तो संबंधित विभाग या पुलिस को सूचित करें।


