बलौदा बाजार

नहर नाली बंद, छुईया डैम का हाल बेहाल, तालाबों में जलस्तर घटा
12-Feb-2026 4:16 PM
नहर नाली बंद, छुईया डैम का हाल  बेहाल, तालाबों में जलस्तर घटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 12 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भूजल स्तर बनाए रखने में सहायक सात प्रमुख तालाबों में पानी का स्तर कम होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार 14 नंबर नहर नाली में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने और छुईया डैम तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से तालाबों में भराव नहीं हो सका है।

हाल ही में सिंचाई और निस्तारी के लिए गंगरेल डैम से पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई थी। योजना के अनुसार 14 नंबर नहर के माध्यम से चिन्नास्वामी तालाब, रानी सागर तालाब और राम सागर तालाब को भरा जाना था। इसी प्रकार छुईया डैम के जरिए धोबी तालाब, पिपराहा तालाब, देवरहा तालाब और सोलहा तालाब तक पानी पहुंचाया जाना प्रस्तावित था। हालांकि वर्तमान में नहर में पानी का प्रवाह कम बताया जा रहा है और छुईया डैम तक भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने की स्थिति बताई गई है।

स्थानीय स्तर पर यह भी बताया गया है कि शहर के कई इलाकों में भूजल स्तर घटने का असर बोरवेल पर पड़ रहा है। इंदिरा कॉलोनी, गौरव पथ, सदर रोड, एमजी रोड, पहंदा रोड, नयापारा, दुर्गा चौक, आजाद चौक, कमल कॉलोनी, पंचशील नगर और सिविल लाइन क्षेत्रों में कुछ बोरवेल के जलस्तर में कमी दर्ज की गई है। इस वर्ष दिसंबर और जनवरी में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने को भी एक कारण बताया जा रहा है।

इस संबंध में जल संसाधन संभाग बलौदाबाजार के प्रभारी कार्यपालन अभियंता व्ही.के. सिरमौर ने बताया कि गंगरेल से पानी छोड़ा गया है और नहरों के माध्यम से ग्रामीण तालाबों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बलौदाबाजार शहर के तालाबों और छुईया डैम को भी भरा जाएगा। प्रशासन की ओर से स्थिति की निगरानी की जा रही है।


अन्य पोस्ट