बलौदा बाजार

नया स्कूल भवन बनाने की मांग, ग्रामीणों ने अफसरों को 2 घंटे बनाया बंधक
04-Feb-2026 8:19 PM
नया स्कूल भवन बनाने की मांग, ग्रामीणों ने अफसरों को 2 घंटे बनाया बंधक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 4 फरवरी। बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक के ग्राम तमोरी में जर्जर हो चुके स्कूल भवन को तोडऩे का आदेश जारी किया गया है, लेकिन नए भवन निर्माण को लेकर स्पष्ट जानकारी न मिलने से ग्रामीणों में असंतोष बना हुआ है। इसी मुद्दे पर मंगलवार को स्कूल भवन का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों के दल को ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे तक 2 घंटे तक बंधक बना लिया। उन्हें तब छोड़ गया, जब जिला शिक्षा अधिकारी ने नए वित्तीय वर्ष में नए भवन का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी देते हुए अप्रैल में नया भवन बनने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों का कहना था कि पुराने भवन को तोडऩे की बात तो की जा रही है, लेकिन नए भवन के निर्माण के संबंध में प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया था। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि बंजारे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने निरीक्षण दल से इस संबंध में जवाब मांगा।

मौके पर पहुंचे दल में जनपद पंचायत के अधिकारी एम.के. कुजूर, सहायक अभियंता गुलशन कुमार गायकवाड़, दो शिक्षक तथा एक रोजगार सहायक शामिल थे। कुल छह सदस्यीय टीम से ग्रामीणों ने मांग की कि जब तक नए भवन निर्माण की स्पष्ट समय-सीमा तय नहीं होती, तब तक कार्रवाई आगे न बढ़ाई जाए।

ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में गांव के प्राथमिक शाला कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चे और आंगनबाड़ी के छोटे बच्चे एक ही कमरे में बैठने को मजबूर हैं। इससे पढ़ाई और बच्चों की देखभाल दोनों कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पलारी रवि बंजारे ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभागों में आवेदन और ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि इसी कारण ग्रामीणों को अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने फोन पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि ग्राम तमोरी के नए स्कूल भवन के लिए 29 सितंबर को ही शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। यह प्रस्ताव आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल है और अप्रैल के बाद भवन निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।

इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों को जाने दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना है।


अन्य पोस्ट