बलौदा बाजार
रौब जमाने की थी हत्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 4 फरवरी। चितावर धाम, ग्राम कामता में आयोजित माघी पुन्नी मेला के दौरान हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सिमगा पुलिस द्वारा त्वरित विवेचना के तहत की गई है।
एक फरवरी की शाम लगभग 7.30 बजे, मेला कार्यक्रम के दौरान ग्राम कामता निवासी राहुल यादव के साथ कुछ युवकों ने रौब झाडऩे और दबदबा बनाने की नीयत से लोहे के धारदार कड़ा एवं चाकू से जानलेवा हमला किया था। गंभीर चोटों के चलते राहुल यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना की रिपोर्ट पर थाना सिमगा में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना सिमगा पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपियों की तलाश तेज करते हुए हेमंत यादव एवं उसके एक अन्य साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि मेला कार्यक्रम के दौरान दबदबा कायम करने के उद्देश्य से उन्होंने राहुल यादव के साथ गंभीर मारपीट की थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा एवं चाकू भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को 3 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की विवेचना अभी जारी है।


