बलौदा बाजार

ठंड की दस्तक, तापमान में तेजी से गिरावट
08-Nov-2025 4:36 PM
ठंड की दस्तक, तापमान में तेजी से गिरावट

अधिकतम 28 और न्यूनतम 19 डिग्री दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 8 नवंबर।
पिछले महीने के अंतिम दिनों में हुई बारिश के बाद अब बलौदाबाजार जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा हैं। दिन में हल्की धूप और रात में सिहरन भारी ठंड के साथ सर्दी में दस्तक दे दी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। सोमवार तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचाने का अनुमान हैं। शुक्रवार से ही जिले में सुबह शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही हैं जबकि दिन के समय धूप के कारण हल्की गर्माहट बनी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि फिलहाल जिले का मौसम शुष्क बना हुआ है और आगामी तीन दिनों तक वर्षा की संभावना नहीं हैं। हालांकि इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना जताई गई हैं। अगले 24 घंटे में ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा जिससे रात का तापमान और गिर सकता हैं। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती हैं।

सुबह शाम में महसूस हो रही
ठंड दिन में हल्की गर्मी

जिले में शुक्रवार को हवा की औसत गति 3 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुबह के समय 78 फीसदी और शाम को 47 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप के चलते हल्की गर्मी बनी हुई है लेकिन रात होते ही तापमान में गिरावट आने से लोगों को ठंडक का एहसास होने लगा हैं। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और दो पहिया वाहन चालकों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी हैं।

निम्न दबाव और चक्रवात का
छत्तीसगढ़ पर असर नहीं

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्व हिस्से में म्यांमार और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्र के पास एक सूस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ हैं। यह प्रणाली समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर ऊंची तक सक्रिय हैं। और अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकती हैं। हालांकि फिलहाल इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई प्रत्यक्ष प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश से सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का एक चक्रवर्ती परिसंचरण भी सक्रिय है लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसका भी तत्काल असर छत्तीसगढ़ पर नहीं होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तीन दिनों तक राज्य में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी जा सकती है


अन्य पोस्ट