बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 31 जुलाई। जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के दिशानिर्देश में आरक्षक द्वय देवेन्द्र कुमार पुरैना एवं धीरेंद्र मधुकर द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डमरू के विद्यार्थियों को यातायात नियमों तथा नए कानूनों की जानकारी दिया गया।
यातायात पुलिस ने विद्यालय के बच्चों को यातायात का पाठ पढ़ाया। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा कई नियम बनाए गए हैं, लेकिन बहुत कम लोग ही हैं, जो इसे फॉलों करते है। आज कल तो नाबालिग बच्चे भी सडक़ों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाने लगे हैं। जिसके चलते कई बड़े हादसे हो जाते हैं, और लोग अपनी जान गंवा देते हैं।
इसी कड़ी में बलौदाबाजार यातायात पुलिस ने बलौदाबाजार विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डमरू में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए 10 गोल्डन रूल के बारे में विस्तार से बताया जिले में सडक़ दुर्घटना की रोकथाम एवं सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु में कमी लाये जाने के उद्देश्य से जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि बिना हेलमेट लगाये दो पहिया वाहन एवं बिना सीट बेल्ट लगाये चार पहिया वाहन नहीं चलाना चाहिए। साथ ही छात्र को बिना ड्रायविंग लायसेंस के कोई भी वाहन नहीं चलाने की समझाईस भी दी गई। इसके अलावा सरकार द्वारा चलाई जा रही गुड सेमेरिटन योजाना की भी जानकारी दी गई। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य बी आर श्रेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए कड़ाई से यातायात नियमों को पालन करने के लिए समझाया। इसके बाद संस्था के व्याख्याता डॉ. जगदीश हीरा साहू ने यातायात की सम्पूर्ण जानकारी अपने छत्तीसगढ़ी गीत रेंगव ट्रैफिक सिग्नल देख... के माध्यम से बताया। जागरूकता कार्यक्रम में यातायात पुलिस, प्राचार्य, शिक्षक/शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।


