बलौदा बाजार

अनुमति से दुगनी संख्या में शहर में लगे होर्डिंग-बैनर
16-Apr-2023 2:41 PM
अनुमति से दुगनी संख्या में शहर में लगे होर्डिंग-बैनर

शहर की सुंदरता में लगा रहे ग्रहण, कार्रवाई नहीं होने से तय समय के बाद भी नहीं हटाते

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 अप्रैल।
  शहर की मुख्य सडक़ों और चौराहों पर लगे अवैध  होर्डिंग्स शहर की सुंदरता को बिगाड़ रहे हैं। जगह-जगह खंभों में अवैध तरीके से  होर्डिंग्स बैनर लगाए जा रहे हैं। मुख्य सडक़ मार्ग पर लगे होर्डिंग्स और फ्लेक्स से दुर्घटना होने का भी अंदेशा बना रहता है। क्योंकि मुख्य मार्गों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्सऔर फ्लेक्स लगे रहते हैं। जो कि वाहन चालकों को अपनी तरफ आकर्षित करते हैं। कई वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं इसलिए कुछ न्यायालय बिलासपुर ने भी मुख्य मार्गों पर बड़े होर्डिंग्स व फ्लेक्स लगाने पर रोक लगाई है। ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

जांच कर कार्रवाई की जाएगी-सीएमओ
मुख्य नगरपालिका अधिकारी यमन देवांगन ने कहा कि नगरपालिका सडक़ों में लगाए गए अवैध होर्डिंग्स उतारने की कार्रवाई की जा रही है। पालिका की ओर से विज्ञापन के लिए डिवाइडरओं के अलावा नौ जगह निश्चित की गई है। इन जगहों के अलावा अगर कभी भी चौक चौराहे खंबे या सडक़ पर होर्डिंग्स लगाया गया है। तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही ऐसे लोगों को नोटिस भी भेजे जाएंगे।

कारवाई के अभाव में बढ़ रही संख्या
कार्यवाई नहीं होने से नगरपालिका को भी राजस्व को नुकसान हो रहा है। एक एडवर्टाइजमेंट ने पालिका के अनुबंध के अनुसार जैन पेट्रोल पंप से लेकर गायत्री मंदिर के आगे तक लवन रोड में तथा वहीं रायपुर रोड में संध्या फ्यूल से अंबेडकर चौक तक बने डिवाइडरों में 3 बाई 4 के 200 छोटे बोर्ड व 20 बाय 20 के 16 यूनीपोल की अनुमति ली है, मगर यह बोर्ड कहीं अधिक है। वही शहरों में लगे अनगिनत बोर्डों में सिर्फ 65 ही वैध है। बाकी बोर्ड और होर्डिंग्स अवैध रूप से लगे हैं इस मार्ग पर पिछले एक साल में ही लगभग 5 मौतें हुई है।

65 को अनुमति पर 150 से ज्यादा लगे
राजनीतिक पार्टी हो या व्यवसाय संस्थान सभी ने चौक-चौराहों को भी नहीं छोड़ा है। विभिन्न स्थानों में डेढ़ सौ से अधिक बोर्ड होर्डिंग्स लगे हैं। मगर नगरपालिका से सिर्फ 65 लोग ने ही होर्डिंग्स लगाने अनुमति ली है। जहां शहर की प्राइम लोकेशन में इनसे 15 लाख रुपए से अधिक की आय होनी थी वहां सिर्फ साल के साढ़े 6 लाख ही मिल पा रहे हैं। पालिका ने शहर में होर्डिंग्स व फ्लेक्स आदि लगाने के लिए स्थान निर्धारित किए हुए हैं। मगर व्यवसाय स्थानों व राजनीतिक पार्टियों के कारण राजस्व का नुकसान हो रहा है।

अधिकारियों ने माना- इससे होते हैं हादसे
यातायात डीएसपी अमृत कुजूर का कहना है कि हमने कम ऊंचाई के डिवाइडरो पर लगे बोर्ड को लेकर बुधवार को एसडीएम रोमा श्रीवास्तव द्वारा ली गई शांति समिति की बैठक में चर्चा की थी, क्योंकि इन पोस्टरों की वजह से दुर्घटनाएं होने की आशंका हर समय बनी रहती है।

वहीं सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नरेश चौहान का कहना है कि मुख्य मार्ग पर पिछले कई माह से हो रही दुर्घटनाओं में एक कारण डिवाइडर हो पर कम ऊंचाई पर लगे विज्ञापन बोर्ड व पोस्टर हैं।
 


अन्य पोस्ट