बलौदा बाजार
परिजन के साथ गिरौदपुरी मेला जाते हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 फरवरी। रविवार को गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग पर एक सडक़ दुर्घटना में 12 वर्षीय बालक की कैप्सूल ट्रक की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने परिजन के साथ गिरौदपुरी मेला जा रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काली मंदिर के पास कैप्सूल ट्रक क्रमांक सीजी 22 एक्स/1164 की चपेट में आने से विवेक कुमार दिनकर (12), पिता जीवन कुमार दिनकर, निवासी ग्राम डोंगा कोहरौद की मौके पर मृत्यु हो गई। हादसे में उसके दादा घायल हो गए, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है और इसकी मरम्मत की मांग की जाती रही है।
घटना के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष यादव ने सडक़ की मरम्मत और यातायात नियंत्रण की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सडक़ की मरम्मत और यातायात की निगरानी की जाती तो दुर्घटना टल सकती थी।
क्षेत्रवासियों ने मार्ग की मरम्मत, भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने, यातायात निगरानी बढ़ाने और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। कुछ लोगों ने लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, उप संभाग कसडोल के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद गुप्ता ने बताया कि सडक़ का एस्टीमेट तैयार कर ईएनसी को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसे 10 से 15 दिनों में पूरा करने की संभावना है।


