बलौदा बाजार

बजट पुराने लॉलीपॉप को नए रैपर में पैक कर बेचने की कोशिश-शैलेश नितिन त्रिवेदी
25-Feb-2026 8:17 PM
बजट पुराने लॉलीपॉप को नए रैपर में पैक कर बेचने की कोशिश-शैलेश नितिन त्रिवेदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 25 फऱवरी। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट दरअसल पुराने लॉलीपॉप को नए रैपर में पैक कर बेचने की कोशिश है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले तीन वर्षों में बजट को अलग-अलग नाम दिए — 2024-25 को ‘ज्ञान’ , 2025-26 को ‘गति’  और 2026-27 को ‘संकल्प’  — लेकिन उनके अनुसार योजनाओं के क्रियान्वयन और परिणामों पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

त्रिवेदी ने कहा कि 2025-26 के बजट में कृषक उन्नति योजना के तहत 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान घोषित किया गया था और 2026-27 के बजट में भी समान राशि का उल्लेख किया गया है। उन्होंने पूछा कि पूर्व में घोषित राशि के उपयोग और उसके प्रभाव का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू की गई राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त का बजटीय प्रावधान किया गया था, जिसे जारी नहीं किया गया।

त्रिवेदी के अनुसार 2025-26 के बजट में किसानों के लिए 3,500 करोड़ रुपये बिजली मद में रखे गए थे। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद बिजली दरों में वृद्धि और आपूर्ति संबंधी समस्याओं की शिकायतें सामने आईं। उन्होंने सरकार से आवंटित राशि के उपयोग का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि 2025-26 के बजट में आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। उनका आरोप है कि निजी अस्पतालों के भुगतान में देरी की शिकायतें आई हैं।

उन्होंने पूछा कि इस मद में आवंटित राशि का व्यय विवरण स्पष्ट किया जाए।

त्रिवेदी ने कहा कि बजट घोषणाओं के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन और परिणामों की पारदर्शी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।


अन्य पोस्ट