-हेनरी एस्टियर
सोमवार को जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बने हेलीपैड का उद्घाटन किया, तो कार्यक्रम के लाइव फुटेज में उनकी आवाज़ बमुश्किल से सुनाई दे रही थी.
ऐसा एक ऐसी संस्था को लेकर विवाद की वजह से हुआ, जो आमतौर पर ख़बरों में नहीं रहती. ये संस्था है व्हाइट हाउस प्रेस पूल.
अमेरिकी राष्ट्रपति और मीडिया के बीच संबंधों में इसकी अहम भूमिका है और इस विवाद के संवैधानिक असर भी हो सकते हैं.
इससे राष्ट्रपति के अगले कार्यक्रमों की कवरेज पर भी असर पड़ सकता है. इनमें न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक भी शामिल है.
व्हाइट हाउस प्रेस पूल क्या है?
यह समाचार संगठनों का एक ग्रुप है. राष्ट्रपति जहां भी जाते हैं, वहां ये ग्रुप उनकी गतिविधियों की कवरेज के लिए अपने संसाधनों को साझा करता है.
इनमें ओवल ऑफिस, राजकीय भोज, एयर फ़ोर्स वन या राष्ट्रपति की छुट्टियों के दौरान के कार्यक्रम शामिल हैं.
टीवी, फोटोग्राफ़रों और प्रिंट और रेडियो संस्थानों के लिए अलग-अलग प्रेस पूल हैं. इसके अलावा "न्यू मीडिया" के लिए भी एक कैटेगरी है.
दशकों पहले इसकी शुरुआत इस विचार के साथ हुई थी कि प्रेस पूल से ख़र्च और जगह दोनों की बचत होगी.
सैकड़ों मीडिया संस्थानों के लिए राष्ट्रपति के हर कार्यक्रम में उनके साथ जाना संभव नहीं है.
प्रेस पूल के सदस्य राष्ट्रपति की गतिविधियों की तस्वीरें और उनके ब्योरे समेत अपना कंटेंट दूसरे मीडिया संस्थानों के साथ साझा करते हैं.
जब भी राष्ट्रपति को देश को संबोधित करने की जरूरत हो, प्रेस पूल हमेशा तैयार रहता है.
इस ताजा विवाद के केंद्र में टीवी प्रेस पूल है, जिसमें पांच सदस्य हैं–सीएनएन, एबीसी, सीबीएस, फॉक्स न्यूज़ और एनबीसी.
विवाद शुक्रवार को शुरू हुआ, जब ट्रंप ने तीन मीडिया संस्थानों–सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित करने की बात कही.
उन्होंने इन संस्थानों पर अपनी टीम के बारे में "फेक न्यूज़" और "मनगढ़ंत बातें और झूठ" फैलाने का आरोप लगाया.
इसके एक दिन बाद इन संस्थानों के पत्रकारों ने पाया कि व्हाइट हाउस में प्रवेश के लिए उनके बैज डी-एक्टिवेट कर दिए गए थे.
सोमवार को अमेरिका के सभी प्रमुख टीवी नेटवर्क ने व्हाइट हाउस प्रेस पूल की जिम्मेदारियों से हटने का फ़ैसला किया.
इसका मतलब था कि उन्होंने प्रभावी तौर पर राष्ट्रपति के कार्यक्रमों का बहिष्कार कर दिया.
सोमवार को प्रेस पूल के बिना नए दौर की पहली परीक्षा हुई. व्हाइट हाउस में नए हेलीपैड के उद्घाटन में इसका नतीज़ा दिख गया.
प्रेस पूल के कैमरे मौजूद नहीं होने की वजह से ज्यादातर मीडिया संस्थानों ने कार्यक्रम की कोई तस्वीर प्रसारित नहीं की.
जिन संस्थानों ने तस्वीरें प्रसारित कीं, उनके पास राष्ट्रपति की बात को साफ़ तरीके से रिकॉर्ड करने के लिए माइक्रोफ़ोन नहीं था.
हालांकि, उसी दिन बाद में ट्रंप की न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी के साथ हुई बैठक में ऐसी कोई दिक्कत नहीं आई.
इसकी वजह यह थी कि उस बैठक की कवरेज प्रेस पूल के कैमरों पर निर्भर नहीं थी और वहां बड़ी संख्या में मीडिया मौजूद था. (bbc.com/hindi)