सरगुजा

13 दिनों में 136.5 मिमी की रिकार्ड वर्षा दर्ज की गई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 31 मई। मई महीना 2021 मौसमी रिकार्ड का महीना रहा। दो शक्तिशाली चक्रवाती तूफानों अरब सागर में उठा ‘ताऊ-ते’ और बंगाल सागर के ‘यास’ के साथ लगभग आधा दर्जन पश्चिमी विक्षोभों के प्रभावों से बाधित रहा। आसमान किसी भी दिन पूर्ण मेघरहित नहीं रहा और न पश्चिम भारत से राजस्थान से चल कर कोई उष्मीय वायु तरंगे ही मध्य भारत में पहुंच पाई। लगातार मौसमी व्यवधानों ने अम्बिकापुर नगर के वायुमंडल पर भी मई के महीनों का नवीन कीर्तिमानों को स्थापित किया है।
मौसम जानकार एमएम भट्ट ने बताया कि अम्बिकापुर नगर में मई में 13 दिनों में 136.5मिमी की रिकार्ड वर्षा दर्ज की गई। यह 1990 के मई के 141.6 मिमी की कुल मासिक वर्षा के बाद, अम्बिकापुर के विगत 53 वर्षों में दूसरी बार सबसे अधिक वर्षा तथा मई में दूसरी बार 100 मिमी से अधिक वर्षा वाला वर्ष रहा है। इन दोनों वर्षों 1990 और 2021 को छोड़ के सन 1969 से आज तक कभी मई के महीनों में 100 मिमी या उससे अधिक की वर्षा दर्ज नहीं की गयी।
लगातार व्यवधानों और बादलों की आवाजाही ने अम्बिकापुर के अधिकतम तापमान के ग्राफ को 24.5 डिग्री (28 मई) से 38.4 डिग्री (02 मई) के बीच रोके रखा। 28 मई के अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री ने मई के इतिहास के सबसे ठंडा दिन होने के कीर्तिमान स्थापित कर लिया। अम्बिकापुर का मई माह का औसत तापमान 39.5 डिग्री है।औसत मासिक तापमान के आंकड़ों इस वर्ष मई का औसत अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा जो अब तक के 53 वर्षीय अधिकतम तापमान के मई के आंकड़ों का सबसे न्यूनतम मान है। अर्थात मई 2021 के माह अम्बिकापुर के पिछले 53 वर्षों में सबसे ठंडा वर्ष का नया रिकॉर्ड बना है। इसके पहले सबसे ठंडा मई के महीना 35.7 डिग्री के साथ सन 1990 का था जबकि सबसे गर्म मई का महीना 41.4 डिग्री के औसत तापमान के साथ 1973 का रहा था।
इन मौसमी व्यवधानों का असर रात के मई 2021 के न्यूनतम तापमान को भी नया आयाम दे कर निकल गया। एक वर्ष पूर्व 2020 में ही बने सबसे न्यूनतम औसत तापमान के होने का रिकार्ड एक वर्ष के अंतराल में ही इस वर्ष टूट गया। 2020 में मई के औसत न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री के रिकार्ड न्यूनतम मान पर पहुंचा था जो इस वर्ष 2021 में 0.2 डिग्री के औसत गिरावट के साथ 22.6 डिग्री पर रह कर मई के महीने में सबसे ठंडी रातों वाला वर्ष होने का रिकार्ड बन गया।