सरगुजा

बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना भी आवश्यक - राजीव प्रताप
12-Jul-2025 7:02 PM
बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना भी आवश्यक - राजीव प्रताप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भैयाथान, 12 जुलाई। विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सत्यनगर में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें नव प्रवेशी 9 बच्चों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर, पाठ्य पुस्तक और गणवेश का वितरण कर शाला प्रवेश कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, अध्यक्षता जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह व विशिष्ट अतिथि अमन प्रताप सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के छाया चित्र में दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह ने कहा कि प्रवेश उत्सव के माध्यम से यह सुनिश्चित करना है, कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। हर बच्चा स्कूल जाए, यह संकल्प शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही हम शिक्षित व आत्मनिर्भर राज्य का निर्माण कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही भविष्य की नींव है। ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध करने के लिए ऐसे आयोजन का महत्वपूर्ण योगदान है। बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना भी आवश्यक है। स्कूल प्रारंभिक जीवन की दिशा तय करता है। सभी पालक अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। बच्चों से स्कूल में क्या पढ़ाया, इसकी जानकारी भी लें। कार्यक्रम को अभय प्रताप सिंह,अमन प्रताप सिंह,सहित अन्य ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रतिमा एक्का ने की।

इस दौरान प्रभारी प्राचार्य धर्मेंद्र कुशवाहा, अमर नाथ चौबे, अरविंद सिंह,निलेश मिश्रा, रामकुमार गुप्ता, धरमसाय, हरिश्चंद कुशवाहा,अर्चना पैकरा, तरुण सिंह, शिवनाथ पैकरा, परमेश्वर पाटिल सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं व पालक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट