सरगुजा

सरगुजा में घने कोहरा के साथ कड़ाके की ठंड, दृश्यता 5 से 10 मीटर तक सिमटी
04-Jan-2023 1:38 PM
सरगुजा में घने कोहरा के साथ कड़ाके की ठंड, दृश्यता 5 से 10 मीटर तक सिमटी

  कलेक्टर ने स्कूलों में 7 जनवरी तक अवकाश घोषित किया  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 4 जनवरी।
उत्तर की ओर से आने वाली हवाओं के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ का सरगुजा शीतलहर की चपेट में है। घने कोहरा व ठंडी हवा के कारण यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूरा सरगुजा संभाग शीतलहर की चपेट में है, लोग ठंड से ठिठुर गए हैं। ठंड से बचने लोग अलाव व मोटे गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड एवं कोहरे  के कारण विद्यर्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की संभावना को देखते हुए सरगुजा कलेक्टर कुन्दन कुमार ने 7 जनवरी 2023 तक जिले के सभी स्कूलो में अवकाश घोषित कर दिया है। जारी आदेश 4 जनवरी से ही  जिले के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी प्राथमिक, मिडिल, हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में लागू होगा।

शहर के साथ पहाड़ी क्षेत्र मैनपाट एवं सामरी पाट में ठंड काफी बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने गर्म कपड़े व अलाव का सहारा ले रहे हैं। उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण आगामी 7 जनवरी तक सरगुजा संभाग में तापमान में और गिरावट की संभावना है।

बुधवार को अंबिकापुर नगर सहित पूरे सरगुजा मे घना कोहरा छाया रहा। सघन कोहरे के कारण सुबह के वक्त दृश्यता 5 से 10 मीटर तक सिमट कर रह गई। घने कोहरे व सर्द हवाओं के कारण सुबह के वक्त लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना उठाना पड़ा। एक ओर जहां चार पहिया वाहन की रफ्तार काफी धीमी हो गई तो वही  स्कूल जाने वाले बच्चे काफी हलकान रहे।

सुबह 11.30 बजे कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के बाद स्कूलों मे छुट्टी कर दी गई, हालांकि कई शासकीय स्कूल में अद्र्धवार्षिक परीक्षा होने के कारण उनकी परीक्षा ली गई और उसके बाद छुट्टी दी गई। आज दिन भर कोहरा छाया रहा, सूर्योदय नहीं होने के कारण एवं सर्द हवा के कारण लोगों ने ठिठुरन महसूस किया। सुबह से शाम तक लोग गर्म कपड़ा व अलाव का सहारा लेते नजर आए। 

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण के कमजोर पडऩे के बाद मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण मौसम में बदलाव हो रहे हैं। उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवा स्थानीय गर्म हवा से टकरा रही हैं।अलग-अलग तापांतर की परस्पर विरोधी हवाओं की नमी संघनित होकर घने कोहरे में तब्दील हो रही है। तापांतर के कारण बुधवार को दिनभर घना कोहरा छाया रहा। सुबह 6 बजे के आसपास कोहरा का घनत्व काफी घना हो गया, जिसके कारण दृश्यता 5 से 10 मीटर तक सिमट कर रह गई। पूरे सरगुजा में कोहरा व ठंडी हवा से लोग ठिठुर गए हैं।


अन्य पोस्ट