सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 अक्टूबर। कौशल विकास उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम जन शिक्षण संस्थान सरगुजा द्वारा मोमिनपूरा और वार्ड नंबर 36 में बालिकाओं हेतु सिलाई ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शफ़ी अहमद श्रम कल्याण बोर्ड अध्यक्ष, एम. सिद्दीकी निदेशक जन शिक्षण संस्थान सरगुजा, गिरीश गुप्ता डी.पी.ओ. साक्षरता अंबिकापुर, हसन खान की गरिमामय उपस्थिति रहीं।
स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत कर एम. सिद्दीकी ने कहा कि देश में लड़कियों को आत्मनिर्भर और अहम दर्जा देना इस दिवस का उद्देश्य है। जिसका उद्देश्य विभिन्न सामाजिक-आर्थिक स्तरों और विभिन्न आयु की महिलाओं को रोजगार अवसर प्रदान करना है।
शफ़ी अहमद ने कहा कि कौशल विकास द्वारा महिला सशक्तिकरण यह दोनों देश के समावेशी तथा संतुलित विकास हेतु आवश्यक है। भारत जैसी विकासशील अर्थव्यवस्था में सशक्त महिला की भागीदारी से उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित है। सतत विकास का लक्ष्य पूर्ण करने में महिला कौशल विकास की भूमिका महत्वपूर्ण है।
गिरीश गुप्ता ने कहा कि कौशल और ज्ञान विशिष्टता के किसी क्षेत्र में वृद्धि और विकास प्रेरक बल है। चुनौतियों और सार्वभौमिकता के सुअवसरों को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए कुशल व्यावसायिकता को बेहतर और उच्च स्तर पर देश को बनाये रखना है।
उपस्थित सभी बालिकाओं एवं महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। मास्टर्स ट्रेनर शबना बेगम, नीलू जी ने आभार प्रकट किया। साथ ही इस कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान सरगुजा के सभी सदस्य, रुखसाना फिरदौसी, सुल्ताना सिद्दीकी, शाबाद आलम उपस्थित रहे।


