सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 2 जून। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतापपुर कंचन सोनी ने अपना जन्मदिन नगर की जरूरतमंद बुजुर्ग महिलाओं व अपनी माता पार्वती सोनी का आशीर्वाद प्राप्त कर मनाया।
इस अवसर पर उनके 6 नंबर वार्ड में स्थित निवास पर नगर पंचायत के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में पहुंची नगर की जरूरतमंद बुजुर्ग महिलाओं को नगर अध्यक्ष सोनी ने अपने पारिवार के सभी सदस्यों के साथ मिलकर साड़ी व अन्य सामग्री भेंट की व भोजन कराकर आशीर्वाद ली। बुजुर्ग महिलाओं ने भी उनको आशीर्वाद देते हुए उनके लंबे जीवन की कामना की। उन्होंने अपने निवास स्थान पर बुजुर्ग महिलाओं के अलावा बड़ी संख्या में उनको जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे समस्त नगरवासियों के लिए भोजन की भी बेहतर व्यवस्था की थी।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कंचन सोनी ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि ईश्वर ने उनको जरुरतमंदों की मदद करने के योग्य बनाया है। जरुरतमंदों की सेवा करना पुण्य का काम होता है। इसलिए हर सक्षम व्यक्ति को समाज में रहने वाले असहाय लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए जिससे समाज में रहने वाला कोई भी असहाय व्यक्ति खुद को उपेक्षित महसूस न करे।
उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की सेवा करना सबसे बड़े धर्म का कार्य होता है। हमें अपने समाज के आसपास, गली, मोहल्ले, कस्बे में हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद कर अपने आपको भाग्यशाली समझना चाहिए कि भगवान ने हमें इस लायक समझा है कि हम किसी जरूरतमंद की मदद कर सकें।
नगर अध्यक्ष सोनी ने कहा कि मनुष्य जीवन को सही ढंग से वही इंसान जीता है जो दूसरों में खुशियां बिखेरता है। ऐसे इंसान का मन भी सदैव प्रसन्न रहता है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत जरही के अध्यक्ष बीजू दासन, मुरारी सोनी, बिहारी सोनी, भरत सोनी, अशोक सोनी, पार्षद हरिशंकर कश्यप, कमलेश देवांगन, रामनारायण जायसवाल, बीईओ मुन्नू सिंह धुर्वे, बलबीर यादव, राजेश मित्तल, मनोज मित्तल, अनुप विश्वास, राजा खान, अमित सोनी, सुमित सोनी, अनुज सिन्हा, शिवम सोनी, सत्यम सोनी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


