सुकमा
हथियार-कारतूस, विस्फोटक बरामद
सुकमा, 26 नवंबर। सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम और रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में 25 नवंबर को सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में 8 देसी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, एक टिफिन बम और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया डम्प मिला।
8 देसी हथियार और 229 कारतूस मिले
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, डम्प से 2 सिंगल शॉट और 6 भरमार बंदूक सहित कुल 8 देसी हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा अलग-अलग हथियारों के 229 जिंदा कारतूस मिले हैं।
बरामद कारतूसों में एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 रायफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 कारतूस शामिल हैं।
ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री भी बरामद
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान 3 देशी हैंड ग्रेनेड, 3 तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और एक टिफिन बम भी मिला। टिफिन बम वायर रहित अवस्था में बताया गया है। इसके अलावा अन्य विस्फोटक और नक्सली उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस ने बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों की सूचना पर अभियान
पुलिस के अनुसार, जिले में जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए लगातार सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की और मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के मुताबिक, जिले में इस तरह के सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।