सुकमा

कांग्रेस ने इंदिरा गांधी को किया याद
19-Nov-2026 9:49 PM
कांग्रेस ने इंदिरा गांधी को किया याद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 19 नवंबर। जिला मुख्यालय सुकमा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न  इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने की। इस अवसर पर जिला एवं नगर कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर फूल-माला अर्पण कर देश की आयरन लेडी को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपना पूरा जीवन देश की एकता, अखंडता और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और बांग्लादेश मुक्ति जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर भारत को दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। आज जब देश को उनकी दूरदर्शी सोच की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब हम सब कांग्रेसजनों का कर्तव्य है कि हम उनके आदर्शों को गांव-गांव तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम में नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी इंदिरा जी के जीवन पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी जैसी दृढ़ इच्छाशक्ति वाली नेता सदियों में एक बार पैदा होती हैं। उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, लेकिन देश को झुकने नहीं दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी जी के आदर्शों पर चलते हुए संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को फिर से मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला एवं नगर के समस्त प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट