सुकमा

बस्तर-सुकमा प्रभारी विकास ठाकरे का जगह-जगह स्वागत, लोकतंत्र की मजबूती पर जोर
14-Nov-2026 9:40 PM
बस्तर-सुकमा प्रभारी विकास ठाकरे का जगह-जगह स्वागत, लोकतंत्र की मजबूती पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 14 नवंबर। जिले में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र के नागपुर से विधायक एवं बस्तर-सुकमा प्रभारी  विकास ठाकरे के सुकमा आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। सर्किट हाउस से लेकर बिरसठपाल और तोंगपाल तक जगह-जगह उनका फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कवासी हरीश लखमा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुकमा सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कवासी हरीश लखमा एवं कांग्रेसजनों ने विधायक विकास ठाकरे का फूल-मालाओं से स्वागत कर अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकरे ने लोकतंत्र की मजबूती और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा पर जोर देते हुए ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का संदेश दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद विकास ठाकरे का काफिला छिंदगढ़ विकासखंड की ओर रवाना हुआ। रास्ते में बीरसठपाल में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, ग्राम बिरसठपाल में स्वागत का नजारा और भी उत्साहपूर्ण रहा। यहां ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नाच-गान के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया। फूल-मालाओं से स्वागत के बीच ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना।

‘हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी’

अभियान के दौरान विकास ठाकरे ने मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होने और मतदान के अधिकार की सुरक्षा को लोकतंत्र की बुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता जागरूकता आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहना चाहिए। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य मताधिकार के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को लेकर उत्साह

तोंगपाल और बिरसठपाल में हुए स्वागत कार्यक्रमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को प्रदर्शित किया। पारंपरिक आदिवासी संस्कृति, नृत्य और ढोल-नगाड़ों के बीच हुए स्वागत से कार्यक्रम में विशेष रंग देखने को मिला। इस दौरान जिला प्रभारी अवधेश गौतम सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस ने मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट