सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 28 अक्टूबर। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में तनाव फैल गया। गांजा तस्करी के संदेह में हिरासत में लिए गए एमवी-65 गांव निवासी तनुप डे का शव सोमवार सुबह मलकानगिरि के एक होटल में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर जाम लगाकर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की।
हरियाणा के हांसी क्षेत्र की पुलिस टीम रविवार रात मलकानगिरी जिले के एमवी-65 गांव पहुंची थी। टीम ने गांजा तस्करी के संदेह में तनुप डे को हिरासत में लिया था। बताया गया है कि युवक को स्थानीय पुलिस थाने ले जाने के बाद न्यायालय में पेश किया गया और हरियाणा ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की अनुमति ली गई। देर रात होने के कारण उसे मलकानगिरी के एक होटल में ठहराया गया था।
सोमवार सुबह होटल में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद हिरासत के दौरान युवक के साथ क्या हुआ, उसे होटल में क्यों ठहराया गया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, जैसे सवाल उठने लगे।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
युवक की मौत के बाद परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एनएच-326 जाम, थाने के बाहर जुटी भीड़
घटना के विरोध में लोगों ने टायर जलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-326 को जाम कर दिया और मलकानगिरि पुलिस थाने के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। स्थिति को देखते हुए जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया।.
जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
मलकानगिरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
