सुकमा

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान: कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा
16-Nov-2026 9:34 PM
 वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान:  कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 16 नवंबर। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान का सुकमा में रविवार को समापन हो गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर सुकमा नगर प्रभारी आयशा हुसैन की उपस्थिति में नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन बाबा के नेतृत्व में जिला एवं नगर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वार्ड क्रमांक 13 और वार्ड क्रमांक 12 में भ्रमण कर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।

कार्यक्रम की शुरुआत में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। वहां से पदयात्रा के रूप में कार्यकर्ता पूरे वार्ड में भ्रमण करते हुए आम जनता के बीच पहुंचे।

पदयात्रा के दौरान नगर अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन बाबा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर जनता में गहरी नाराजगी है, जिसे लेकर यह आंदोलन चलाया गया।   सभा को पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजू साहू एवं पार्षद सुनील यादव ने भी सम्बोधित किया।

भ्रमण के पश्चात आयोजित सभा में जिला एवं नगर के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जाकर जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।

सभा के समापन पर नगर अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। इसके साथ ही आंदोलन का विधिवत समापन घोषित किया गया।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी, नगर कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे,


अन्य पोस्ट