सुकमा

दुर्गम रास्ते, बाइक से एलेंगनार पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, सुनीं समस्याएं
12-Nov-2026 11:04 PM
दुर्गम रास्ते, बाइक से एलेंगनार पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, सुनीं समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 12 नवंबर। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ खुद मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के अंतिम पहुंचविहीन गांव एलेंगनार पहुंचे।  अधिकारियों ने वहां की भौगोलिक स्थिति और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया तथा पोषण आहार, भंडारण कक्ष और रसोईघर की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर नवीन आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस (राशन दुकान) भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई तथा निर्माणाधीन प्राथमिक शाला व सडक़ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गाँव की चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड जैसी शासकीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर प्रमुख चौक के सौंदर्यीकरण, शहीद की प्रतिमा स्थापना, देवगुड़ी निर्माण, खेल मैदान और सामुदायिक भवन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

दौरे के अगले चरण में झीरम और टाहकवाड़ा पंचायतों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी में बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता परखी, स्कूल परिसर के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए तथा पीएम आवासों की प्रगति, शौचालयों की उपयोगिता, स्वास्थ्य सुविधाओं और धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान कार्यपालन अभियंता (प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना) और जनपद सीईओ शंकर बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट