सुकमा
कांग्रेस नेता ने की जांच की मांग
सुकमा, 26 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत गंजेनार के आश्रित ग्राम कस्तूरी के बिजगुड़ी मार्ग पर 10 मीटर पुलिया निर्माण के लिए स्वीकृत 35 लाख रुपये और वहां किए गए भूमिपूजन को लेकर सवाल उठाए हैं।
दुर्गेश राय ने कहा कि संबंधित स्थल पर वास्तविक आवश्यकता और उपयोगिता की जांच किए बिना निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने संबंधित विभाग के सब-इंजीनियर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना स्थल का भौतिक सत्यापन किए एस्टीमेट तैयार करना लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पुलिया निर्माण की स्वीकृति और स्थल निरीक्षण की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही, यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का उपयोग वास्तविक जनहित के कार्यों में हो सके।