सुकमा
200 ग्रामीणों ने कांग्रेस का हाथ थामा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 25 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत डब्बाकोंटा में जनसभा आयोजित की गई। इस अवसर पर 200 से अधिक ग्रामीणों ने कांग्रेस का हाथ थामा। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष सोयम मंगम्मा, जिला पंचायत सदस्य सोयम भीमा, जनपद सदस्य माड़वी देवा, आदिवासी सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष वेको हूंगा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर पाण्डे और जनपद सदस्य कवासी सोनी सहित अन्य पदाधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।
हरीश कवासी ने कहा कि पेसा कानून, आदिवासियों को आरक्षण और पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से चुनाव लडऩे के अधिकार को मजबूत करने में कांग्रेस की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों को गरीब बनाए रखकर प्राकृतिक संसाधनों को कॉरपोरेट कंपनियों को सौंपने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में अंदरूनी क्षेत्रों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। जिन क्षेत्रों में कॉरपोरेट कंपनियों को फायदा पहुंचने की संभावना है, वहां बीआरओ के माध्यम से सडक़ निर्माण कराया जा रहा है, जबकि ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति कमजोर है।
जनसभा में जेलों में बंद आदिवासियों की रिहाई का मुद्दा उठाया गया और उनके परिवारों को हो रही परेशानियों का हवाला देते हुए रिहाई की मांग की गई।
जनसभा में बिजली, पेयजल, सडक़, गिरदावरी के नाम पर धान खरीदी में अनियमितताओं, तेंदूपत्ता खरीदी, बोनस, महतारी वंदन योजना का लाभ और राशन वितरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
डब्बाकोंटा, कसालपाड़, भट्टपाड़, ऐंठापाड़, पेंटापाड़, तुमलपाड़, पिडमेल, करिगुंडम, कोलाईगुड़ा, छोटे केड़वाल और बोदराजपदर गांव के 200 से अधिक ग्रामीणों ने हरीश कवासी के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।