सुकमा
सुकमा, 17 अक्टूबर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुकमा में सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 108 कन्याओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य दीपिका शोरी, नगरपालिका परिषद सुकमा की उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी यादव, शबरी शिक्षण समिति के अध्यक्ष मनोज देव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चांडक, समिति सदस्य अमित नाग, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल टावरी और चमन लाल साहू सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
दीपिका शोरी ने कहा कि कन्या पूजन हमारी परंपरा का हिस्सा है और बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा तथा स्वावलंबन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। भुवनेश्वरी यादव ने ऐसे आयोजनों को परंपराओं को जीवंत रखने वाला बताया।
मनोज देव ने कहा कि विद्यालय में संस्कारों के निर्माण और सामाजिक समरसता के भाव विकसित करने पर जोर दिया जाता है। सुरेंद्र चांडक ने धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोडऩे की बात कही।
विद्यालय के प्राचार्य किशोर कुमार यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूजन उपरांत कन्याओं और उपस्थित अभिभावकों के लिए प्रसाद तथा भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहयोग दिया। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण माहौल में हुआ।