सुकमा

हॉस्टलों की व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे डीईओ, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
13-Oct-2026 6:58 PM
हॉस्टलों की व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे डीईओ, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 13 अक्टूबर।
जिला शिक्षा अधिकारी  जी.आर. मंडावी एवं समग्र शिक्षा के सहायक जिला परियोजना अधिकारी आशीष राम ने छिन्दगढ़ विकासखंड के विभिन्न पोटा केबिन एवं आरएमएसए छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सबसे पहले बालिका पोटा केबिन बालाटिकरा का भ्रमण किया। यहाँ बच्चों के परीक्षा परिणामों पर चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने बच्चों के क्लासरूम में पहुँचकर बच्चों से सीधा संवाद किया तथा अनुदेशकों के साथ बैठक कर शयन कक्ष, मेडिकल रूम एवं भोजन कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तत्पश्चात आरएमएसए 100 सीटर (टाइप-4) भवन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। पंजियों का अवलोकन कर आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए गए। छात्रावास में चल रहे मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया।
इसके पश्चात अधिकारियों ने पोटा केबिन रोकेल एवं आरएमएसए रोकेल का निरीक्षण किया।
 जिला शिक्षा अधिकारी मंडावी ने सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आरएमएस बालक छात्रावास पाकेला में सहायक परियोजना अधिकारी  आशीष राम ने अधीक्षक को निर्देशित किया कि बच्चों को मेनू अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए, अनुदेशक बच्चों के कक्षों को व्यवस्थित रखें तथा समस्त पंजियों का बेहतर संधारण सुनिश्चित करें।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले के सभी छात्रावासों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इस तरह के निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि छात्रावासों की व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार लाया जा सके।


अन्य पोस्ट