सुकमा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सुकमा, 10 अक्टूबर। जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड चौक के पास आज सुकमा नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही है। लोकतंत्र में इस तरह की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं नगर अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन ने कहा राहुल गांधी गरीब, किसान और आदिवासियों की आवाज उठाते हैं, इसलिए भाजपा सरकार उन्हें निशाना बना रही है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर इसका विरोध करेगा।
विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।