सुकमा
पुनपल्ली में विशेष ग्राम सभा, धार्मिक गतिविधियों व भूमि आवंटन पर प्रस्ताव पारित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा/कोन्टा, 4 अक्टूबर। सुकमा जिले के जनपद पंचायत कोन्टा अंतर्गत ग्राम पंचायत पुनपल्ली में आयोजित विशेष ग्राम सभा में ग्राम की पारंपरिक सामाजिक व सांस्कृतिक व्यवस्था, सामुदायिक हित और स्थानीय धार्मिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। इन निर्णयों को ग्रामीणों की जानकारी हेतु सूचना पटल (सूचना बोर्ड) के माध्यम से सार्वजनिक किया गया है।
प्रस्ताव (निर्णय क्रमांक 6): ग्राम सभा ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 244(1), पाँचवीं अनुसूची, पेसा अधिनियम 1996 एवं छत्तीसगढ़ पेसा कानून 2022 का संदर्भ देते हुए प्रस्ताव पारित किया है। इसके अंतर्गत मतांतरित व्यक्तियों व ईसाई समुदाय को शव दफनाने, चर्च अथवा प्रार्थना सभाओं के लिए ग्राम सभा की भूमि उपलब्ध न कराने का निर्णय लिया गया है।
बोर्ड पर उल्लेखित निर्णय के अनुसार पादरियों एवं धर्म प्रचारकों के धर्मांतरण, प्रार्थना सभा व अन्य गतिविधियों हेतु ग्राम में प्रवेश पर रोक की बात कही गई है। इसमें पेसा कानून के तहत ग्राम की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के संरक्षण को आधार बताया गया है।
जनपद सदस्य मडक़म भीमा ने कहा कि ग्राम सभा ने अपनी पारंपरिक व्यवस्था और सामाजिक एकता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने निर्णयों के पालन तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून व संवैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई पर जोर दिया।
ग्राम सभा द्वारा पारित निर्णयों के संबंध में किसी भी विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति में संबंधित विधिक व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करने की बात कही गई है।
इस दौरान सरपंच सोनमती माड़वी, ग्राम अध्यक्ष बारसे सोमा, उपसरपंच मुचकी नंदा, ग्राम पटेल बारसे पांडु, पूर्व सरपंच मीडियम जोगा, वार्ड पंच पोडियम भीमा, ग्राम पुजारी बारसे मल्ला, जनपद सदस्य मडक़म भीमा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
