सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 3 अक्टूबर। जिला मुख्यालय सुकमा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में पिछले दिनों शबरी नदी में आई बाढ़ से कई परिवार प्रभावित हुए थे। उन वार्डों में वार्डवासियों से हाल-चाल जानने कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ, राजू साहू, एवं नागेश लड्ढा मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने बाढ़ प्रभावित वार्डों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को करीब से सुना।
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि आपदा के इतने दिन बीत जाने के बाद भी कई जरूरतमंद परिवारों को अब तक मुआवजा राशि नहीं मिल पाई है।
जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मौके से ही तहसीलदार को फोन लगाया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बिना किसी देरी के सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्य में तेजी लाई जाए।