सुकमा

भाजपा के सेवा संकल्प पर कांग्रेस ने बोला हमला
17-Sep-2026 10:11 PM
भाजपा के सेवा संकल्प पर कांग्रेस ने बोला हमला

मोदी के जन्मदिन को बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए- हरीश कवासी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 सुकमा, 17 सितंबर। जिला मुख्यालय सुकमा स्थित प्रेस क्लब में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने प्रेस को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा मनाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने कहा कि मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस नहीं, बल्कि बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस, जुमला दिवस और नोटबंदी दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।

हरीश कवासी ने आरोप लगाया कि प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी दरों की तुलना करते हुए कहा कि डीजल पर कर बढक़र 31.83 तथा पेट्रोल पर 32.98 हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये के मूल्य में आई गिरावट पर भी अपनी बात रखी।  कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं वादों के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए।

वक्तव्य के दौरान कवासी ने वर्ष 2002 के गोधरा कांड, बेस्ट बेकरी मामले एवं गुजरात दंगों का संदर्भ देते हुए वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी की।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट