सुकमा
कांग्रेस का हल्लाबोल, न्याय सत्याग्रह का ऐलान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 10 सितंबर। मध्यप्रदेश के बालाघाट में 30 आदिवासी बच्चों की मृत्यु के विषय पर जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा द्वारा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी और आदिवासी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वेको हुगा ने संबोधित किया।
हरीश कवासी ने बालाघाट में 18 माह से कम उम्र के बच्चों की मलेरिया, बुखार व कुपोषण से हुई मृत्यु का उल्लेख करते हुए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
वेको हुगा ने बताया कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया द्वारा पीडि़त परिवारों से मुलाकात के बाद यह मुद्दा उठाया गया था। कार्रवाई न होने पर 6 सितंबर से मध्यप्रदेश के रीवा जिले में अनिश्चितकालीन न्याय सत्याग्रह शुरू किया गया है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें- मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला का इस्तीफा। बालाघाट जिले में हेल्थ इमरजेंसी की घोषणा। मृतक बच्चों के प्रत्येक परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा प्रदान करना।
कांग्रेस ने इन मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की बात कही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।