सुकमा

झीरम घाटी हमला एनआईए कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
07-Sep-2026 3:46 PM
झीरम घाटी हमला  एनआईए कोर्ट के फैसले  पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 7 सितंबर। झीरम घाटी हमले में एनआईए कोर्ट के फैसले पर जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा द्वारा सुकमा प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष शेख सजार ने पत्रकारों को संबोधित किया।

जिला उपाध्यक्ष शेख सजार ने अदालत के फैसले और एनआईए की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी अदालत के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन एनआईए द्वारा प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर आया यह निर्णय अधूरा है। उनका आरोप है कि एनआईए की जांच में घटना के पीछे की कथित राजनीतिक साजिश के पहलू को शामिल नहीं किया गया।

 उन्होंने कहा कि मामले में दोषी ठहराए गए लोग निचले स्तर के कैडर हैं। उन्होंने दावा किया कि एनआईए ने शुरुआत में अपनी प्राथमिकी में माओवादी संगठन के शीर्ष नेताओं के नाम दर्ज किए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने घटना के समय परिवर्तन यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था हटाए जाने तथा यात्रा का मार्ग बदले जाने के कारणों पर जांच की मांग दोहराई।

शेख सजार ने कहा कि पार्टी झीरम घाटी घटना के सभी पहलुओं को उजागर करने तथा न्याय की मांग को लेकर जन-जागरूकता अभियान जारी रखेगी।

प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट