सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 1 सितंबर। सुकमा जिले के किसानों की सुविधा और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर विधायक कवासी लखमा द्वारा उठाई गई आवाज का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। सुकमा जिले के बुड़दी, बड़ेशेट्टी, हमीरगढ़, गोरली, भेज्जी और चिंतलनार में नए धान खरीदी केंद्र खोलने का एलान किया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए अब दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा।
विधायक कवासी लखमा ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शासन के खाद्य मंत्री को पत्र लिखकर नए धान खरीदी केंद्र खोले जाने की मांग की थी। उन्होंने पत्र के माध्यम से मंत्री को क्षेत्र के किसानों को धान खरीदी के दौरान होने वाली परेशानियों से अवगत कराया था।
विधायक लखमा ने बताया था कि बुड़दी, बड़ेशेट्टी, हमीरगढ़, गोरली, भेज्जी और चिंतलनार में धान सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक पहुंचना पड़ता है। इससे किसानों को परिवहन सहित विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। किसानों की इसी समस्या को देखते हुए नए खरीदी केंद्रों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
अब जिले के बुड़दी बड़ेशेट्टी हमीरगढ़ गोरली भेज्जी और चिंतलनार में नए धान खरीदी केंद्र खोले जाने की घोषणा के बाद क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। नए केंद्र प्रारंभ होने से आसपास के अनेक गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और धान खरीदी व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
विधायक कवासी लखमा ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता और किसानों की समस्याओं को लगातार शासन एवं प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। जनता की आवाज को मजबूती से उठाना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। नए धान खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।