सुकमा

सडक़ बदहाली और लाइट व्यवस्था पर विरोध-प्रदर्शन
25-Aug-2026 10:51 PM
सडक़ बदहाली और लाइट व्यवस्था पर विरोध-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 25 अगस्त। सुकमा जिला मुख्यालय में राजवाड़ा से कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर जाने वाली सडक़ की बदहाली एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय तथा जिला अस्पताल परिसर के आसपास पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने को लेकर ध्यानाकर्षण के लिए सडक़ पर मंगलवार को दो घंटे से अधिक समय तक बैठकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राजेश नाग जिलाध्यक्ष बस्तरिया राज युवा मोर्चा, दीपक नेताम पार्षद, सोलोमन गाड़ा जिलाध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी मौजूद रहकर घंटों तक नारेबाजी करते रहे।

प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि राजवाड़ा से कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं एस्सार क्षेत्र तक सडक़ की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय और अस्पताल परिसर तक समुचित स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मामले को लेकर नगरपालिका के सीएमओ मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि 10 दिनों के भीतर लाइट एवं संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार कर दिया जाएगा।

वहीं, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर मरकाम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सडक़ के गड्ढों को भरने का कार्य तत्काल शुरू किया जाएगा और तीन दिनों के भीतर गड्ढे भरने का काम पूरा कर दिया जाएगा। सडक़ की पेंच रिपेयरिंग के लिए पहले टेंडर जारी किया गया था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया। अब पुन: टेंडर प्रक्रिया की जाएगी और तत्काल पेंच रिपेयरिंग का कार्य शुरू कराया जाएगा।

प्रशासन एवं संबंधित विभागों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि आश्वासन के अनुरूप समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। जनता को लंबे समय से हो रही परेशानी को देखते हुए सडक़ और प्रकाश व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


अन्य पोस्ट