सुकमा
युवाओं से जन-हितैषी विचारधारा से जुडऩे का आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 22 अगस्त। छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को समझने के उद्देश्य से आयोजित ‘छात्र संवाद कार्यक्रम’ के तहत कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी तोंगपाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनके साथ शिक्षा, सामाजिक दायित्वों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इस दौरान तोंगपाल के स्थानीय छात्र-छात्राओं ने अपनी बात जिलाध्यक्ष के समक्ष रखी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने हरीश कवासी का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि वर्तमान समय में देश के युवाओं और छात्रों के हक की आवाज उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी जिस तरह से पूरे देश में छात्रों, युवाओं और आम जनता के हित में संघर्ष कर रहे हैं, हमें उनके विचारों को आगे बढ़ाना होगा। उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
हरीश कवासी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश के बेहतर भविष्य के लिए ऐसी विचारधारा का मजबूत होना जरूरी है, जो गरीब, शोषित और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की बात सोचे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस जन-हितैषी सोच से जुड़ें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।