सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भोपालपटनम, 9 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस पर भोपालपटनम स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में भव्य कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। जिसमें भोपालपटनम ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए सैकड़ों आदिवासी पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता कर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एलैया मांझी , अध्यक्षता अनिल पामभोई, विशिष्ट अतिथि अल्वा मदनैया, शाऊलम सनटी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अपने महापुरुषों के पूजा-अर्चना कर किया गया। आयोजन स्थल पर पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत पारंपरिक आदिवासी नृत्य, लोकगीत, सामूहिक नृत्य, सांस्कृतिक झांकियां तथा स्थानीय परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। प्रतिभागियों ने अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का सशक्त प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए समाज में एकजुटता, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण तथा युवाओं को अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अनेक प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी संस्कृति की विविधता एवं जीवंत परंपराओं की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्य यंत्रों की मधुर धुन और सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम को अत्यंत स्मरणीय बना दिया।
देर शाम तक चले इस सांस्कृतिक समारोह में उपस्थित लोगों ने विश्व आदिवासी दिवस को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक एकता के पर्व के रूप में मनाया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कमल सिंह कोर्राम, नागवंशी जी, यालम शंकर, अशोक मडे, शेखर वासम, संगीता केतारप, महेश बोजी, संजय चित्तूर, भरत देहारि आदि लोगों के योगदान से कार्यक्रम सफल रहा।