सुकमा

बस्तर के जल, जंगल, जमीन और आस्था की रक्षा के लिए एकजुट हों मूलवासी - मनीष कुंजाम
08-Aug-2026 10:14 PM
बस्तर के जल, जंगल, जमीन और आस्था की रक्षा के लिए एकजुट हों मूलवासी - मनीष कुंजाम

 ‘छत्तीसगढ़’संवाददाता

सुकमा, 8 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक मनीष कुंजाम ने बस्तर के मूलवासियों से जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त केवल उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी अधिकारों और भविष्य पर विचार करने का अवसर है। मोर्चा ने सुकमा के तीनों ब्लॉकों में 5 से 7 अगस्त तक सेमिनार आयोजित कर इन मुद्दों पर चर्चा की।

कुंजाम ने बस्तर में बढ़ती खनन और परिवहन गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि रावघाट, आमदई और बैलाडीला सहित कई क्षेत्रों में खनन का विस्तार हो रहा है। रेल, सडक़ और पाइपलाइन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर भूमि और पेड़ों पर असर पडऩे की आशंका है। उन्होंने बस्तर में बड़े कॉरपोरेट समूहों की बढ़ती गतिविधियों और परियोजनाओं के लिए पानी की जरूरत पर भी सवाल उठाया तथा बोधघाट परियोजना के संभावित उपयोगों पर चर्चा की मांग की।

उन्होंने कहा कि बैलाडीला केवल खनिज संपदा नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था से भी जुड़ा है। कर्रेगुट्टा से दरभा तक खनिज खोज और दोहन के बीच पेसा तथा वनाधिकार कानून के तहत ग्रामसभाओं के अधिकारों का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है। कुंजाम ने गुण्डाधुर, आयतु माहरा, गेंद सिंह और अन्य आदिवासी शहीदों को याद करते हुए 9 अगस्त को उनकी विरासत से प्रेरणा लेकर संस्कृति, आस्था और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।


अन्य पोस्ट