सुकमा
विरोध के बाद दूसरे गांव में दफनाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 1 अगस्त। सुकमा जिले के ग्राम पंचायत गोरगुंडा के आश्रित ग्राम देवरपल्ली में मतांतरित बच्ची के निधन के उपरांत अंतिम संस्कार को लेकर स्थानीय जनजातीय समाज एवं ईसाई धर्म अपना चुके एक परिवार के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हुई।
बताया जाता है कि ईसाई धर्म अपना चुके मांडवी पोदिया की पुत्री के निधन के बाद परिवार द्वारा ग्राम में अंतिम संस्कार किए जाने का प्रयास किया गया। इस दौरान ग्राम पटेल, पुजारी, पेरमा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने अपनी पारंपरिक जनजातीय मान्यताओं, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक व्यवस्था का हवाला देते हुए इसका पुरजोर विरोध किया। विरोध के उपरांत संबंधित परिवार बच्ची के शव को अपने साथ दोरनापाल ले गया।
घटनास्थल पर जनपद सदस्य मडक़म भीमा एवं ग्राम पंचायत की सरपंच भीमे सोड़ी भी उपस्थित रहे। जनपद सदस्य मडक़म भीमा ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सामाजिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए जनजातीय समाज की भावनाओं और पारंपरिक आस्था का सम्मान किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य मडक़म भीमा ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज और सामुदायिक जीवन से है। धर्म परिवर्तन से जनजातीय समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि वे संविधान और कानून के दायरे में रहकर आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। साथ ही सभी पक्षों से शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून का पालन करने तथा प्रशासन से संवेदनशील मामलों में समय रहते संवाद और संतुलित समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।