सुकमा

एनएच-30 पर जगह-जगह गड्ढे, कारोबार पर असर
19-Jul-2026 9:38 PM
एनएच-30 पर जगह-जगह गड्ढे, कारोबार पर असर

व्यापारी संघ के जिला उपाध्यक्ष ने की मरम्मत की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 19 जुलाई। सुकमा से केस्लूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सडक़ पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारी संघ के जिला उपाध्यक्ष एवं माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष रोहित चांडक ने कहा कि एनएच-30 सुकमा का मुख्य लाइफलाइन है। इसी सडक़ से व्यापार से जुड़ा सामान लाने-ले जाने का काम होता है। लेकिन गड्ढों के कारण ट्रक, पिकअप और मालवाहक वाहनों को भारी नुकसान हो रहा है। टायर फटना, एक्सेल टूटना आम बात हो गई है। इससे ढुलाई का खर्च भी बढ़ गया है और सामान लेट पहुंच रहा है।

बारिश में और बढ़ेगी मुसीबत 

रोहित चांडक ने चेतावनी दी कि बारिश का मौसम शुरू हो गया है। अगर जल्द गड्ढे नहीं भरे गए तो सडक़ पूरी तरह बंद होने की नौबत आ जाएगी। तब न जरूरी सामान आएगा न किसान अपना माल मंडी तक पहुंचा पाएंगे।

व्यापारी संघ ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि  तत्काल गड्ढा भराई का काम शुरू किया जाए,  स्थायी डामरीकरण/पैचवर्क कराया जाए ताकि साल भर राहत मिले, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग इसकी मरम्मत को प्राथमिकता दे।

रोहित चांडक ने कहा - हम चाहते हैं कि कम से कम मानसून से पहले गड्ढे तो भर दिए जाएं, ताकि व्यापार और जनजीवन प्रभावित न हो। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी संघ सडक़ पर उतरकर आंदोलन करेगा।


अन्य पोस्ट